कैथल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सीवन क्षेत्र के पापसर रोड पर मंगलवार रात ट्रैक्टर-ट्राली और मोटरसाइकिल की टक्कर में 17 वर्षीय नवजोत सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार उसकी दादी बलवीर कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में किशोर की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को थाना सीवन के सामने जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक को काबू कर लिया गया है।
गांव ककहेड़ी निवासी पूर्ण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे उसका 17 वर्षीय बेटा नवजोत सिंह अपनी दादी बलवीर कौर को मोटरसाइकिल पर लेकर गांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान पापसर रोड पर कांगथली की तरफ से एक ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ट्रैक्टर चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक डेरा जाने वाले रास्ते की ओर कट मार दिया। पीछे से मोटरसाइकिल पर आ रहे नवजोत ने ट्रैक्टर-ट्राली से बचने का प्रयास किया, लेकिन बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नवजोत को पेट सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी दादी भी घायल हो गईं। हादसे के बाद मोटरसाइकिल सड़क के दूसरी ओर जा गिरा।
हादसे के बाद दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल गुहला ले जाया गया। बलवीर कौर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कैथल रेफर कर दिया गया। नवजोत को भी सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
बुधवार को हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने थाना सीवन के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर डीएसपी गुहला हरदीप सिंह, थाना गुहला प्रभारी शिवकुमार और थाना सीवन प्रभारी मुकेश रानी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब चार घंटे बाद जाम खोल दिया।