Logo
Header
img

खेलो इंडिया यूथ गेम में कुश्ती का दांव आजमाएंगे बेगूसराय के तीन खिलाड़ी

बेगूसराय, 05 फरवरी (हि.स.)। बेगूसराय के खिलाड़ियों ने कुश्ती में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा दिया है। बेगूसराय के तीन कुश्ती खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया यूथ गेम के लिए किया गया है। जिला कुश्ती संघ के सचिव-सह-एनआईएस कोच कुंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि बेगूसराय जिला से बालिका वर्ग में विनोदपुर निवासी मुकेश कुमार की पुत्री जुगनू भारद्वाज एवं सलौना (बखरी) निवासी मुकेश स्वर्णकार की पुत्री निर्जला कुमारी तथा बालक वर्ग में मटिहानी निवासी जयजय राम सिंह के पुत्र विवेक कुमार का चयन खेलो इंडिया यूथ गेम के लिए किया गया है। कुश्ती खेल में एक साथ तीन खिलाड़ियों का चयन होना यह बहुत ही गौरव की बात है। बेगूसराय के बालक एवं बालिका कुश्ती खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया यूथ गेम में चयनित होकर जिला ही नहीं, बल्कि राज्य को गौरवान्वित किया है और जुगनू की तरह चमकने को तैयार हैं। कुंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिता के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया के लिए किया जाता है। तीनों चयनित खिलाड़ी विगत एक माह से गया में खेलो इंडिया विशेष कैंप में थे। अब यह सभी खिलाड़ी सात फरवरी से अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन इंडिया लेवल के सभी खिलाड़ियों के साथ करेंगे। इससे पूर्व भी खेलो इंडिया में बेगूसराय के मोती कुमार यादव एवं शालिनी वर्मा जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। खिलाड़ियों का चयन होने पर बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष-सह-जिला कुश्ती संघ के मुख्य संरक्षक डॉ. सुरेश प्रसाद राय, कोषाध्यक्ष डॉ. रंजन चौधरी, डॉ. विक्रांत भास्कर, जिला कुश्ती संघ के सचिव-सह-एनआईएस कोच कुंदन कुमार ठाकुर एवं बिहार कुश्ती संघ के सचिव विनय कुमार सिंह आदि ने अग्रिम जीत की बधाई दी तथा खेलो इंडिया यूथ गेम में चयनित होने पर शुभकामना दिया है।
Top