यमुनानगर के गांव खंडवा के युवक रवि धीमान को पश्चिमी नहर के हमीदा हेड पर नहर में डुबोकर मारने के आरोप में पुलिस ने जगाधरी के किन्नर विशाल उर्फ परी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गोताखोरों की मदद से शव की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव के अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार की देर शाम को ऑटो में बैठकर किन्नर गांव में आए थे और वें रवि धीमान के बारे में जानकारी ले रहे थे। जिस पर गांव की महिलाओं ने इनके शाम के समय गांव में आने पर एतराज किया। जिसके बाद किन्नर गांव से चले गए। बाद में पता चला कि वें अपने साथ रवि को भी ले गए थे। पश्चिमी नहर के हमीद हेड पर इन्होंने रवि को नहर में धक्का देकर डुबो दिया। हमीदा पुलिस चौकी के प्रभारी गुरदयाल सिंह ने बताया कि कल शाम को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस हमीदा हेड पर पहुंची और रवि के शव की देर रात तक तलाश की गई। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। वहीं परिजन द्वारा पुलिस को दिए बयान के आधार पर बताया गया है कि रवि जगाधरी के किन्नर विशाल उर्फ परी के साथ पिछले 3-4 वर्षों से रह रहा था। कल देर शाम में नहर पर इन्होंने इकट्ठे शराब पी। उसके बाद इनकी आपस में बहस हो गई। किन्नर परी ने रवि को नहर में धक्का दे दिया। परिजन के बयान के आधार पर किन्नर परी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने बताया कि गोताखोरों की मदद से शव की तलाश जारी है।