Logo
Header
img

मुख्यमंत्री आज करेंगे डॉ. अंबेडकर की सात फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण

विदिशा, 6 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (मंगलवार को) दोपहर में विदिशा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे यहां नटेरन में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चौहान यहां करोड़ों की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। डॉ. अम्बेडकर प्रतिमा स्थापना एवं अनावरण समिति के अध्यक्ष संतोष अहिरवार ने बताया कि हर्ष का विषय है कि अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास नटेरन भवन परिसर के समक्ष स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री जी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाबा साहब की पुण्यतिथि के अवसर पर बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। प्रतिमा की ऊंचाई सात फीट व वजन 300 किलोग्राम है। मुख्यमंत्री चौहान इस मौके पर नटेरन तहसील में 81.31 करोड़ रुपये की लागत के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें 12.63 करोड़ रुपये की राशि से स्वीकृत नवीन औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र, 1.15 करोड़ रुपए की राशि से स्वीकृत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय, 35. 93 करोड़ की राशि से स्वीकृत सीएम राइज स्कूल, 6.43 करोड रुपये की राशि से स्वीकृत ग्राम गजनी के पास सगड़ नदी पर जलमग्नीय पुल निर्माण, 22.40 करोड रुपए की राशि से स्वीकृत सुल्तानिया पीपलखेड़ा सलैया मार्ग निर्माण कार्यों का भूमि पूजन-शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा 2.770 करोड़ रुपये की राशि से स्वीकृत दो कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास भवनों का लोकार्पण भी किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मुख्यमंत्री चौहान दोपहर ढाई बजे भोपाल से हेलीकाप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2.55 बजे कागपुर के गडला पहाड़ी पर बनाए गए हेलीपैड पहुंचेंगे और यहां नटेरन में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने हेतु रवाना होंगे। मुख्यमंत्री 3.05 बजे नटेरन में आयोजित समरसता सम्मेलन, शिलान्यास एवं डाक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
Top