Logo
Header
img

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले का आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बुधवार को बताया कि 10 मार्च को थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज हुआ कि आरोपित अर्जुन निवासी ग्राम विदरखा नाबालिग बच्ची को बहला फुसलाकर मोटरसाइकिल पर बैठा ले गया और भांडरी नहर पुल के पास तमंचा दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मौके पर स्थानीय लोगों ने आरोपित को पकड़ लिया एवं बच्ची के परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने आरोपित को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बच्ची के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपित को गहनता से पूछताछ करने पर उसने तमंचा के बल पर गलत काम करना बताया। आरोपित ने तमंचे को भांडरी नहर पुल के पास झाड़ियों में छिपा होना बताया।

थाना प्रभारी शिकोहाबाद अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ आरोपित को लेकर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा की बरामदगी के लिए देर रात्रि भांडरी नहर पुल के पास लेकर पहुंचे, जहां उसने झाड़ी में छुपाए एक तमंचा 315 बोर निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें आरोपित अर्जुन दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे घटना में प्रयुक्त एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस व दो जिंदा कारतूस बरामद करते हुए उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद में भर्ती कराया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

-----------

Top