पच्चीस प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा, शेष को दो वर्ष का अतिरिक्त सेवा अवसर : मध्य वायु कमान
अग्निपथ योजना की संशोधित रूपरेखा पर मीडिया से वार्ता, बढ़े हुए वेतन और उन्नत सेवा निधि पैकेज का भी मिलेगा लाभ
प्रयागराज, 05 नवंबर (हि.स.)। अग्निपथ योजना के तहत योग्यता और निर्धारित चयन मानदंडों के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सशस्त्र बलों की नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा। शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को बढ़े हुए वेतन और उन्नत सेवा निधि पैकेज के साथ दो वर्ष के अतिरिक्त सेवा अवसर का प्रस्ताव है। इस अवधि के पूरा होने के बाद पात्र और इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत सशस्त्र बलों में नियमित भर्ती का अवसर मिलेगा। यह जानकारी गुरुवार को मुख्यालय मध्य वायु कमान की ओर से आयोजित मीडिया वार्ता में दी गई।
मुख्यालय मध्य वायु कमान के मुख्य कार्मिक स्टाफ अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस मीडिया ब्रीफ में अग्निपथ योजना की संशोधित रूपरेखा और अग्निवीरों की नियुक्ति एवं नियमित सेवा में समावेश से जुड़े प्रस्तावित बदलावों की जानकारी दी गई। इसमें विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों और वायु सेना के पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। उन्होंने योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया।
चार वर्षों के अनुभव के आधार पर योजना की समीक्षा
मीडिया वार्ता में बताया गया कि अग्निपथ योजना के चार वर्ष पूरे होने पर इसकी प्रभावशीलता और अग्निवीरों के प्रदर्शन का विस्तृत आकलन किया गया है। इस दौरान प्राप्त सुझावों और अनुभवों के आधार पर संशोधित व्यवस्था के प्रमुख पहलुओं को सामने रखा गया।
अधिकारियों के अनुसार, योजना के तहत देश के विभिन्न जिलों तक अग्निवीर भर्ती का विस्तार हुआ है। भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक मानकीकृत और पारदर्शी बनी है। अग्निवीरों में शारीरिक दक्षता, मनोबल, कार्य के प्रति प्रेरणा, प्रतिस्पर्धा की भावना और अनुशासन का बेहतर स्तर देखने को मिला है।
तकनीकी दक्षता और महिलाओं के लिए बढ़े अवसर
वार्ता में बताया गया कि सेवा अवधि के दौरान अग्निवीरों के कौशल, तकनीकी कार्यों के प्रति अनुकूलन क्षमता और शैक्षणिक स्तर में भी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही सशस्त्र बलों की विभिन्न शाखाओं में महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार हुआ है।
रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के प्रवक्ता एवं जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ), प्रयागराज विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि मीडिया ब्रीफ का उद्देश्य अग्निपथ योजना की संशोधित रूपरेखा को स्पष्ट करना और प्रस्तावित बदलावों का अग्निवीरों पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी देना था। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों और वायु सेना के पूर्व सैनिकों के सुझावों एवं सवालों पर भी चर्चा की गई।