Logo
Header
img

खेत में काम करने गया परिवार, घर का ताला तोड़ चोर ले उड़े आठ लाख के जेवर

मीरजापुर, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोरों ने बंद पड़े घर का ताला तोड़कर करीब आठ लाख रुपये के जेवरात और नगदी पार कर दिए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

घटना थाना लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी अंतर्गत बामी गांव की है। पीड़ित राधेश्याम प्रजापति ने बताया कि वह किसी काम से औराई गए थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चों के साथ घर में ताला बंद कर खेत में मसूर काटने चली गई थीं। करीब साढ़े नौ बजे बड़ी बेटी पानी लेने घर पहुंची तो दरवाजे का ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत खेत में काम कर रही अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोस में रह रहे राधेश्याम के भाई रामप्रताप पड़ोसियों के साथ घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और दो बक्सों के ताले टूटे हुए थे।

पीड़ित के अनुसार चोर बक्सों में रखे बेटी की शादी के लिए तैयार किए गए जेवरात उठा ले गए। इनमें सोने का हार, कान का झाला, मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठी, नाक की कील, नथुनी, बालों का क्लिप, हांथ मेहंदी, चांदी का छागल सहित सोने-चांदी के अन्य आभूषण शामिल हैं। साथ ही घर में रखे 28 हजार रुपये नगद भी गायब मिले। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी लहंगपुर सुजीत सेठ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। पुलिस टीम जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Top