Logo
Header
img

विश्व उपभोक्ता दिवस पर आज होंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम

विश्व उपभोक्ता दिवस पर आज होंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विश्व उपभोक्ता दिवस पर आज उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेन्शन सेन्टर में एक दिवसीय कार्यशाला सुबह 10ः30 से शाम 5ः30 बजे तक हो रही है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह इसका शुभारम्भ करेंगे। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने बताया कि इस कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों पर केन्द्रित व्याख्यान के माध्यम से जाग्रत करेंगे। उन्होंने बताया कि कुशाभाऊ इन्टरनेशनल कन्वेंशन सेन्टर में विभिन्न संस्थाओं आयल कंपनी, इंश्योरेंस एवं अन्य ऐसी कंपनियां, जिनका उपभोक्ताओं से सीधा सम्पर्क रहता है, अपने उत्पाद से संबंधित स्टॉल लगाएंगी। इन स्टॉलों में से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रमुख सचिव उमराव ने बताया कि ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले उपभोक्ता सेवाओं से असंतुष्ट होने पर अपनी शिकायत वे ऑनलाइन कर सकेंगे। प्रमुख सचिव खाद्य ने कहा कि विश्व उपभोक्ता दिवस उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने लिए मनाया जाता है। उपभोक्ता अपने अधिकारों को पहचानें। उन्हें उस उत्पाद सेवाएं और सामान पाने का पूर्ण अधिकार प्राप्त है, जिसके लिए वह पूरा भुगतान कर रहे हैं। उमराव ने कहा कि अनभिज्ञता और अज्ञानता के कारण, उपभोक्ता अपने अधिकारों का उपयोग नहीं करते। विश्व उपभोक्ता दिवस के माध्यम से जन-जन तक उनके अधिकारों से विभिन्न माध्यमों के द्वारा अवगत कराया जाएगा। उपभोक्ता गुणवत्ता से असंतुष्ट होने पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम में न्यायालय की मदद ले सकता है। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने आम जनता से कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का परिचय दें।
Top