Logo
Header
img

कांग्रेस सत्ता में होती तो नहीं बनता राम मंदिर : योगी आदित्यनाथ

मंडी, 02नवबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कांग्रेस के रहते अयोध्या में राममंदिर का निर्माण संभव नहीं था। कांग्रेस के एजेंडे में विरासत व सैनिकों का सम्मान नहीं था। देश की जनता ने कांग्रेस को पूरा अवसर दिया। कांग्रेस एक खानदान तक सीमित रही। भ्रष्टाचार के नए आयाम स्थापित किए। इसकी कीमत देश को चुकानी पड़ी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर कर सामने आया है। वैश्विक संकट की घड़ी में दुनिया आज मोदी की तरफ देखती है। दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है। योगी बुधवार को मंडी जिले के सरकाघाट विस क्षेत्र के बलद्वाड़ा में भाजपा प्रत्याशी दलीप ठाकुर के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। योगी ने कहा आजादी के अमृत महोत्सव में कई नए संयोग बन रहे हैं। भारतीय मूल का नागरिक आज ब्रिटेन को विकास की राह दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 500 साल के गुलामी के प्रतीक को समाप्त कर अयोध्या में भव्य राममंदिर का मार्ग प्रशस्त किया है। देश के हर नागरिक को इस पर अनुभूति होनी चाहिए। काशी विश्वनाथ व महाकाल का जीर्णोद्वार हुआ है। योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में हिमाचल में बुलेट ट्रेन की गति से विकास हुआ है। पीएम मोदी ने हिमाचल को अपना घर समझ विकास कार्य को आगे बढ़ाया है। विकास की यात्रा किसी भी सूरत में थमनी नहीं चाहिए। जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल ने विकास की नई गाथा लिखी है। शौर्य व समृद्धि के पथ पर अग्रसर यह पहाड़ी प्रदेश आज भाजपा को नेतृत्व प्रदान कर रहा है। देवभूमि की जनता ने अच्छी अच्छी विभूतियां देश को दी हैं। उत्तर प्रदेश में माफिया का हो चुका है राम नाम सत्य योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले माफिया का राज्य था। जनता त्रस्त थी। भाजपा की सरकार ने माफिया को जड़ से उखाड़ उनका राम नाम सत कर दिया है। भूले से अगर गलती की तो हिमाचल में भी कांग्रेस रूपी माफिया आ जाएगा।
Top