लखनऊ, 05 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई नेताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेता डा. मुरली मनोहर जोशी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर अपने संदेश में लिखा है कि लोकप्रिय जननेता, असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, पद्म विभूषण मुरली मनोहर जोशी को जन्मदिन की हृदयतल से बधाई। प्रभु श्रीराम से आपके सुदीर्घ एवं आरोग्यतापूर्ण जीवन की प्रार्थना है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने भी डा. मुरली मनोहर जोशी को जन्मदिन की बधाई दी है। केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणा स्रोत व मार्गदर्शक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. मुरली मनोहर जोशी को जन्मदिन की बधाई व शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने ट्वीट किया कि प्रखर वक्ता एवं कुशल संगठनकर्ता, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पद्म विभूषण से अलंकृत डॉ. मुरली मनोहर जोशी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ।
इसके अलावा भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे और भाजपा अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने डा. मुरली मनोहर जोशी को जन्मदिन की बधाई दी है।