Logo
Header
img

चचरी पुल पार कर छठव्रतियों ने भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य

मोतिहारी,31अक्टूबर(हि.स.)।जिले के बंजरिया प्रखण्ड के फुलवार उत्तरी पंचायत स्थित बकुलहरा गांव के हजारो छठव्रतियो ने हर साल की भांति इस साल भी आज चचरी पुल के सहारे नदी के तट पर पहुंचकर उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर अपनी इस हालात से उबरने की प्रार्थना की। बताते चले कि नेपाल से निकलने वाली बंगरी नदी के किनारे अवस्थित बंजरिया प्रखंड क्षेत्र के बकुलहरा,घोड़मरवा गौरिया व मझार गांव के साथ रामगढवा प्रखंड के लक्ष्मीपुर,खुगनी शेखौना,मंगलपुर पटनी,डुमरी परसौना एवं आदापुर प्रखंड के पकही,अंधरा,लतिहाही,कौरैया सहित अन्य गांवो के हजारो लोग न केवल छठव्रत बल्कि आम दिनो में भी इस नदी पर पुल न होने के कारण चचरी के सहारे जिला मुख्यालय से सीधे जुड़ते है।इस नदी पर पुल न होने के कारण यहां के नागरिक भारी कठिनाईयो का सामना कर रहे है।पुल के अभाव में घुमावदार नदी के किनारे बसे यहां के नागरिक महज एक किलोमीटर की दूरी पहुंचने के लिए दस से बारह किलोमीटर की दूरी तय कर परेशान हो रहे है। स्थानीय नागरिक व समाजसेवी कृष्णा कश्यप ने बताया कि लगातार हम सब यहां के सांसद डॉ.संजय जायसवाल से गुहार लगा रहे है लेकिन अब तक कोई समाधान नही मिल पाया।उन्होने बताया कि यहां अगर पुल बन जाय तो न केवल बंजरिया प्रखंड का जुड़ाव रामगढवा और आदापुर प्रखंड से हो जायेगा, बल्कि दोनों प्रखंड के हजारों नागरिकों को आवागमन में भी सहुलियित होगी। साथ ही लोग अनावश्यक करीब दस किलोमीटर की दूरी तय करने से भी बचेगे। एक अन्य ग्रामीण अजीत सिंह बब्लू ने बताया कि हर साल श्रमदान से यहां चचरी पुल बनाया जाता है लेकिन हर साल बाढ बहा ले जाती है।वही कई बार चचरी पुल के टुटने के कारण लोग घायल भी होते आ रहे है।यह पुल अगर बन जाय तो यह इस क्षेत्र का लाईफलाइन बन जायेगा।फिलहाल चचरी पुल के सहारे जान जोखिम मे डाल हजारो छठव्रती जिसमें महिलाये बच्चे और वरिष्ठ नागरिक शामिल है वो भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान कर फिर अगले साल अपनी इस हालात से उबरने की आस में भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान कर रहे है।
Top