Logo
Header
img

नहर का पानी तलाबों में नहीं खेतों में भर रहा

धमतरी, 28 अप्रैल शहर के तालाबों में पानी भरने नहर से पानी आ रहा है, लेकिन यह पानी तालाबाें की बजाय क्षतिग्रस्त नहर से आसपास के खेतों व खाली जगहों पर भर रहा है। बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी हो रही है, इसे लेकर नगर निगम न गंभीर है और न ही जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी। पानी छोड़कर भूल गए है। उल्लेखनीय है कि मार्च-अप्रैल माह में पड़ी तेज धूप व गर्मी से शहर के कई तालाबों का पानी तेजी से सूख चुका है। वहीं निस्तारी तालाबों में भी पानी कम हो गया है। ऐसे में जरूरतमंद शहरवािसयों की दिक्कतें बढ़ गई है। तालाबों में पानी कम होने और सूखने से तालाब की सौंदर्यता कम हो गई है। इसे देखते हुए नगर निगम धमतरी ने जल संसाधन विभाग को शहर के आठ से नौ तालाबों को भरने के लिए निस्तारी पानी की मांग की है। निगम की मांग पर 26 अप्रैल से महानदी मुख्य नहर से सहायक नहर रूद्री से होते हुए कलेक्ट्रेट से गुजरे सहायक नहर से निस्तारी पानी तेजी के साथ तालाबों के लिए जा रहा है, लेकिन सहायक नहर में पर्याप्त सफाई नहीं हुआ है। भटगांव व गोकुलपुर के पास क्षतिग्रस्त नहर या ओवरफ्लो से पानी तालाब की बजाय किसानों के खेतों व खाली मैदान में भर रहा है, जो बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी है। पानी की बर्बादी रोकने नगर निगम भी गंभीर नहीं है। यही वजह है कि पानी खेतों व खाली पड़े मैदानों पर भर रहा है। यही वजह है कि पर्याप्त मात्रा में पानी शहर के तालाबों में नहीं पहुंच पा रहा है। समय रहते यदि नहर की सफाई या क्षतिग्रस्त नहर को व्यवस्थित नहीं किया गया, तो पानी खेतों में ही भरता रहेगा। नगर निगम धमतरी के जल विभाग के अध्यक्ष अवैश हाशमी ने बताया कि शहर के तालाबों में पानी भरने के लिए पिछले दिनों सहायक नहर की निगम कर्मचारियों ने सफाई की है। कई बार ओवरफ्लो की वजह से पानी खेतों में चला जाता है या फिर नहर कुछ जगहों से क्षतिग्रस्त होगा। कर्मचारियों को पानी की बर्बादी रोकने निर्देशित किया जाएगा। कई बार नहर के पुल क्षेत्र में बड़ा कचरा पहुंचने से ओवरफ्लो की स्थिति बनती है। पानी की बर्बादी रोकने निरीक्षण कर व्यवस्था दुरूस्त की जाएगी, ताकि शहर के तालाबों तक तेजी के साथ पानी पहुंच सके।
Top