शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1,225 अंक उछला
- बाजार की तेजी से निवेशकों को 1 दिन में 3.99 लाख करोड़ का फायदा
नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। एफएमसीजी सेक्टर में जमकर हुई खरीदारी और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों को लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस टैक्स पर राहत मिलने के प्रस्ताव के दम पर भारतीय शेयर बाजार आज लगातार चौथे कारोबारी दिन शानदार बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा।
बाजार में आज चौतरफा मजबूती का माहौल बना रहा, जिसके चलते दिग्गज शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जमकर खरीदारी हुई। इस चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मुख्य सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर (डे-हाई) पर बंद होने में सफल रहे। बाजार की इस तूफानी तेजी के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में लगभग चार लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई।
आज के कारोबार के दौरान शुरुआत से ही बाजार में मजबूती का माहौल बना रहा, जिसमें हैवीवेट शेयरों में हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक पूरे समय हरे निशान में ही बने रहे। हालांकि दिनभर के कारोबार के दौरान सूचकांकों ने अच्छी बढ़त बनाए रखी लेकिन आखिरी 15 मिनट में खरीदारों ने ऐसी चौतरफा लिवाली की, जिसने दोनों सूचकांकों को डे-हाई पर पहुंचा दिया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.62 प्रतिशत और निफ्टी 1.58 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 595.87 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,288.65 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवाली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक ने रफ्तार पकड़ ली। दिन के कारोबार के दौरान एक बार मुनाफा वसूली शुरू होने पर ये सेंसेक्स फिसल कर 76,033.74 अंक स्तर तक भी आया। इसके बाद बाजार में एफएमसीजी और प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर के हैवीवेट शेयरों में चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई। खासकर, दिन के अंतिम सत्र में खरीदारों ने लिवाली काफी तेज कर दी, जिससे सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,917.85 अंक के डे-हाई पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने भी आज 141.45 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की तेजी दिखाते हुए 23,582.25 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद शुरुआती सत्र में ही लिवाली का दौर शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक ने भी तेजी से आगे बढ़ना शुरू कर दिया। कारोबार के दौरान मुनाफा वसूली के चक्कर में कुछ देर हुई बिकवाली के कारण यह सूचकांक थोड़ा लुढ़क कर 23,482.80 अंक के स्तर तक भी आया। इसके बाद खरीदार पूरी तरह एक्टिव होकर लिवाली करने में जुट गए। चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी तेजी से आगे बढ़ा और 7 सितंबर के बाद पहली बार 23,800 अंक के स्तर को पार करते हुए 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,810.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा चमक नजर आई। जबरदस्त लिवाली सपोर्ट से निफ्टी का एफएमसीजी इंडेक्स 3.65 प्रतिशत की बड़ी बढ़त के साथ बंद हुआ और इसके सभी 15 शेयर हरे निशान में रहे। इसी तरह प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर भी खरीदारों के रडार पर रहा, जिससे निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में करीब दो प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। इसके अलावा रियल्टी इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक और ऑटो इंडेक्स भी 1.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, सरकारी बैंकों के शेयरों में आज बिकवाली देखी गई, जिसके चलते निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.27 प्रतिशत टूट कर बंद हुआ।
ब्रॉडर मार्केट और सेक्टोरल फ्रंट पर आज ज्यादातर इंडेक्स दबाव से उबर कर बढ़त बनाने में कामयाब रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में आज लगातार मजबूती बनी रही। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स आज के कारोबार के अंत में 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारों का अच्छा असर दिखा, जिसकी वजह से निफ्टी के स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
बाजार के दोनों मुख्य सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी के डे-हाई पर बंद होने और ब्रॉडर मार्केट में हुई चौतरफा खरीदारी के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में करीब 4 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 4,86,74,306.36 करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,82,74,651.52 करोड़ रुपये था। इस तरह बाजार की इस तेज छलांग की बदौलत निवेशकों की पूंजी में आज 3,99,654.84 करोड़ रुपये (अनंतिम) का इजाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों पर नजर डालें तो बाजार में बढ़त का रुख पूरी तरह हावी था, जहां 4,606 शेयरों की ट्रेडिंग में से 2,510 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे, जबकि 1,895 शेयरों को नुकसान झेलना पड़ा और वे लाल निशान में बंद हुए। वहीं, 201 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। इसके अलावा 100 शेयर एक साल के उच्च स्तर पर पहुंचे तो 13 शेयरों में अपर सर्किट लगा।
एनएसई में आज 3,307 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,928 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,379 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर बढ़त के साथ और 5 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में, 11 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर बीएसई लिमिटेड के शेयर 5.03 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ 3,665.70 रुपये के भाव पर बंद होकर टॉप गेनर रहे। इसके बाद नेस्ले 4.47 प्रतिशत उछल कर 1,248.40 रुपये, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 4.29 प्रतिशत की छलांग लगा कर 1,073 रुपये, एशियन पेंट्स 3.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,437.80 रुपये और भारती एयरटेल 3.77 प्रतिशत की उछाल के साथ 2,065 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में बंद हुए।
दूसरी ओर, बाजार की इस भारी तेजी के बावजूद बिकवाली के दबाव में फंसी पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन 3.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 259.55 रुपये पर बंद होकर टॉप लूजर रही। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 1.70 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 970.25 रुपये, ओएनजीसी 1.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 232.17 रुपये, इंफोसिस 1.11 प्रतिशत टूट कर 1,148.10 रुपये और अदाणी एंटरप्राइजेस 0.84 प्रतिशत की मंदी के साथ 2,593.30 रुपये के भाव पर आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।