कांग्रेस ने देश को बांटने और लोकतंत्र का गला घोंटन का काम किया : शिवराज सिंह चौहान
-भाजपा ने लखनऊ में निकाली लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा
लखनऊ, 03 नवंबर (हि.स.)। 'लोकतंत्र बचाओ —अराजकता हटाओ' अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने से परिवर्तन चौक तक पदयात्रा निकाली। पदयात्रा का नेतृत्व केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान,प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी,उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने पदयात्रा का नेतृत्व किया। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के कार्यकर्ता भी अपनी-अपनी पार्टी का झंडा बैनर लेकर पदयात्रा में शामिल हुए।
केन्द्रीय कृषि व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटने का पाप इंदिरा गांधी ने किया था। देश को बांटने और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का काम कांग्रेस ने किया। आज संवैधानिक संस्थाओं पर उंगली उठा रहे हैं। उन्होंने कहा राहुल गांधी मैदान में जीत नहीं सकते तो देश को अराजकता की आग में झोंकना चाहते हैं। राजनीति को रक्तनीति में लोकतंत्र को लूटतंत्र में और प्रजातंत्र को पीड़ातंत्र में बदलना चाहते हैं। विपक्ष घुसपैठियों के दम पर चुनाव जीतना चाहता है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार उत्तर प्रदेश में थी, तब जनता सुरक्षित नहीं थी। गुंडातंत्र हावी था। कमीशन क्राइम व करप्शन की सरकार चलाकर उत्तर प्रदेश का सत्यानाश कर दिया था। आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस हार का रिकार्ड बना रही है। जहां-जहां चुनाव हुए वहां कांग्रेस साफ। अखिलेश तो फरवरी में ही निपट जायेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई राज्यों में कांग्रेस का नामलेवा नहीं हैं। कांग्रेस व राहुल के साथ जो जाता है वह भी डूब जाता है। क्योंकि उन्हें देश की राजनीति की समझ नहीं है। चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है। नरेन्द्र मोदी व योगी आदित्यनाथ ने जो काम किया है वह ऐतिहासिक है। नरेन्द्र मोदी भारत की मुकुटमणि हैं। करोंडों करोड़ कार्यकर्ताओं की शान हैं। 2029 में मोदी फिर भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस मौके पर कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना राहुल गांधी का शगल बन गया था। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर उनको भरोसा नहीं है। आज सड़कों पर निकलकर प्रदेश की जनता को बताने के लिए आये हैं कि इंडी गठबंधन के लोग देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। इंडी गठबंधन के लोग सत्ता की भूख में तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदयात्रा से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष के लोग देश में अस्थिरता फैलाना चाहते हैं। हमें उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है।
पदयात्रा में कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय,निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ.संजय निषाद, अपना दल (एस) के नेता आशीष पटेल,खादी मंत्री राकेश सचान, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अमरपाल मौर्य, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल, भाजपा के प्रदेश महामंत्री व अवध क्षेत्र के प्रभारी दिलीप पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे